ढाणी में घुसकर सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला

जानलेवा हमले में युवक गंभीर घायल, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में फतेहगढ़ स्थित एक ढाणी में घुसकर सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसका राजकीय जिला अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन में उपचार चल रहा है। टाउन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में पुरुषोत्तम बास, फतेहगढ़ ढाणी निवासी 25 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र मंगतूराम भाट ने बताया कि 6 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे उसका बड़ा भाई साहबराम अपनी ढाणी स्थित घर में सो रहा था। इसी दौरान गांव के गुरप्रीत, प्रीता जटसिख, संदीप मान और विनोद भाट बिना अनुमति ढाणी में घुस आए।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही सो रहे साहबराम पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में साहबराम को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे उपचार के लिए राजकीय जिला अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के संबंध में सुरेश कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ घर में अनधिकृत प्रवेश कर जानलेवा हमला करने और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक भूप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts