अलवर में मां ने बच्चों पर कैंची से किया हमला, तीनों की मौत
छोटी बहन सदमे में दीवार से सिर टकराने पर घायल
अलवर, सच कहूँ न्यूज। Alwar Crime News: राजस्थान के अलवर जिले के दांतिया गांव में रविवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। यहां ऊषा शर्मा ने कथित तौर पर अपने पांच वर्षीय बेटे मुकुल और तीन वर्षीय बेटी नंदिता पर कैंची से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया। ग्रामीणों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। बच्चों की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था, जिसे धक्का देकर खोला गया।
अंदर महिला और दोनों बच्चे खून से लथपथ मिले। तीनों को खेड़ली के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पहले मुकुल को मृत घोषित किया गया। बाद में ऊषा और नंदिता ने भी दम तोड़ दिया। ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में निजी कंपनी में काम करता है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। अपनी बहन और बच्चों को घायल देखकर ऊषा की छोटी बहन ने सदमे में दीवार पर सिर मार लिया। उसे गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया है। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। तीनों शव खेड़ली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।