लुधियाना में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 650 किलो पनीर जब्त

हरियाणा के नरवाना से लाया जा रहा था पनीर, जांच के लिए भेजे सैंपल, लैब रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई

Published On

लुधियाना, सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा। Ludhiana News: त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी के तहत लुधियाना में फूड सेफ्टी टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 650 किलो पनीर जब्त किया है। विभाग ने पनीर के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। हालांकि, अभी तक पनीर में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है।  जानकारी के अनुसार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला के नेतृत्व में टीम ने जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी के बाहर जांच के दौरान एक आई-20 कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से करीब डेढ़ क्विंटल पनीर बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह पनीर हरियाणा के नरवाना से लाया गया था और मलेरकोटला के रास्ते सप्लाई किया जाना था। इसके बाद विभाग को पनीर की एक और खेप पहुंचने की सूचना मिली।

टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए दूसरी गाड़ी को भी जांच के लिए रोका, जिसमें से करीब 500 किलो पनीर बरामद हुआ। इस तरह दोनों कार्रवाइयों के दौरान कुल 650 किलो पनीर जब्त किया गया। विभाग ने पनीर के सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। लुधियाना की सिविल सर्जन डॉ. रमणदीप कौर ने कहा कि त्योहारों के दौरान दूध से बने उत्पादों और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है। 

About The Author

Related Posts