फाजिल्का की फूड सेफ्टी टीम ने ट्रांसपोर्ट वाहनों की जांच की, 250 किलो खोया जब्त

व्यापारी मानक और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की ही खरीद करें: फूड सेफ्टी अधिकारी

Published On

अबोहर, सच कहूँ/मेवा सिंह। Abohar News: फूड सेफ्टी प्रशासन पंजाब और सिविल सर्जन कार्यालय फाजिल्का की ओर से लोगों को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मिलावटखोरी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिविल सर्जन डॉ. कविता सिंह के निर्देशों पर फूड सेफ्टी अधिकारी हरविंदर सिंह और उनकी टीम ने अबोहर-श्रीगंगानगर हाईवे पर नाकाबंदी कर ट्रांसपोर्ट वाहनों की जांच की। इस दौरान बीती रात करीब 1 बजे राजस्थान से लाया जा रहा लगभग 250 किलो संदिग्ध मिलावटी खोया बरामद किया गया। फूड सेफ्टी टीम ने संबंधित खोये को जब्त कर लिया और पूरी सामग्री को जब्ती के अधीन रखा गया है।

उन्होंने बताया कि खोये की गुणवत्ता की जांच के लिए इसका सैंपल लेकर फूड लैबोरेट्री में विश्लेषण के लिए भेज दिया गया है। लैबोरेट्री की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके नतीजों के आधार पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने तक जब्त की गई पूरी सामग्री विभाग के कब्जे में रहेगी। फूड सेफ्टी अधिकारी हरविन्द्र सिंह ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की ढुलाई करने वाले वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य पदार्थों के कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाले और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की ही खरीद-बिक्री करें तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

About The Author

Related Posts