Sonipat News: सोनीपत में दर्दनाक दुर्घटना, ब्रेजा कार सवार 3 लोगों की मौत
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। सोनीपत जिले में बड़वासनी गांव के पास गोहाना रोड पर शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से ब्रेजा कार सवार 2 दोस्तों और एक महिला की मौत हो गई। हादसा रात करीब 12 बजे जीओ पेट्रोल पंप से कुछ आगे सीएनजी पंप के पास हुआ। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कार के अंदर तीनों मृत मिले। पुलिस ने मृतकों की पहचान बड़वासनी के रहने वाले तेजवीर (38), कृष्ण (37) और दिल्ली के नंगली सकरावती की रहने वाली स्वीटी (37) के रूप में की है।
महिला रिश्तेदार को दिल्ली छोड़ने जा रहे थे
तेजवीर गाड़ीियों की खरीद-फरोख्त का काम करता था। वह अपने दोस्त कृष्ण के साथ मिलकर यह काम करता था। शनिवार को तेजवीर की रिश्तेदार स्वीटी बड़वासनी स्थित उसके घर आई हुई थी। रात को तेजवीर और कृष्ण अपनी ब्रेजा कार में स्वीटी को दिल्ली छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान बड़वासनी से गोहाना की तरफ जाते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में ही मृत मिले तीनों, मौके पर नहीं मिला चश्मदीद
हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार मिली, जिसमें 2 पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में थे। मौके पर कोई चश्मदीद नहीं मिला। पुलिसकर्मियों ने तीनों शवों को कार से बाहर निकाला और पहचान के बाद नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। सदर थाना पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक तेजवीर के परिजनों के खिलाफ अज्ञात वाहन के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Comments