अक्टूबर में ताजा बर्फबारी का लेना है मजा, तो पहुंचें हिमाचल के इस खूबसूरत हिल स्टेशन पर
अक्टूबर में ताजा बर्फबारी का लेना है मजा, तो पहुंचें हिमाचल के इस खूबसूरत हिल स्टेशन पर
Sissu Himachal Pradesh: सर्दियों का मौसम शुरू होने से पहले ही भारत के ऊंचे हिमालयी पहाड़ों पर बर्फबारी का खूबसूरत नजारा देखने को मिलने लगा है। दिसंबर और जनवरी में जहां प्रमुख हिल स्टेशनों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है, वहीं अक्टूबर का महीना सुकून के साथ पहाड़ों की खूबसूरती निहारने और सर्दियों की पहली दस्तक महसूस करने का अच्छा मौका देता है।
अगर आप अक्टूबर में ताजा बर्फबारी और बर्फ से ढके पहाड़ों का दीदार करना चाहते हैं, तो हिमाचल प्रदेश का सिस्सू आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। लाहौल-स्पीति क्षेत्र में स्थित सिस्सू अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऊंचे पहाड़ों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। मनाली से अटल टनल पार करते ही लाहौल घाटी के खूबसूरत नजारे आपका मन मोह लेते हैं। मौसम अनुकूल होने पर आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर दिखाई देती है। ठंडी हवाएं, पहाड़ों पर छाई धुंध और मनमोहक वादियां इस सफर को यादगार बना सकती हैं। सिस्सू घूमने जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें।