Vaishali Latest News: वैशाली नाव हादसे पर राष्ट्रपति व पीएम ने जताया दुख, पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद की घोषणा
मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये, घायलों को 50 हजार की मदद
Vaishali Boat Accident Update: पटना (सच कहूँ/एजेंसी)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी पर हुए नाव हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायल लोगों को उपचार और सहायता के लिए 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा हुआ है।राज्य सरकार ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रति परिवार 4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम राघोपुर थाना क्षेत्र में एक छोटी नाव पर बच्चे सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। नाव में लगभग 15 से 20 बच्चों के होने की बात सामने आई है। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में पलट गई। इसके बाद कई बच्चे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन बचाव कार्य में जुट गए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दुर्घटना से प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। नाव हादसे के कारणों, नाव में सवार लोगों की वास्तविक संख्या और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पर ध्यान दिया जा रहा है।