Delhi Latest News: दिल्ली में फिर फायरिंग, सोनिया विहार में युवक की गोली मारकर हत्या
अस्पताल में नहीं बच सकी मनीष यादव की जान, पुलिस को मिले अहम सुराग
Sonia Vihar Murder: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। राजधानी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मंगलवार रात हुई गोलीबारी में 34 वर्षीय मनीष यादव की मौत हो गई। मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:13 बजे सोनिया विहार थाने को गोली चलने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंची टीम को पता चला कि सर्विस रोड के पास रहने वाले मनीष यादव पर हेलमेट पहने दो बाइक सवारों ने गोली चलाई थी। गोली लगने से घायल मनीष को उनके परिजन इलाज के लिए सिविल लाइंस स्थित एम्स के सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले गए। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए जरूरी सबूत
वारदात की जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 249/26 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के साथ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्धों से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इससे पहले 5 अक्टूबर को दिल्ली के फर्श बाजार थाना क्षेत्र की भीखम सिंह कॉलोनी में एक घर के भीतर गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग घर में घुसकर कई राउंड फायरिंग कर रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर जावेद नामक व्यक्ति गोली लगने और चाकू से हमला किए जाने के कारण गंभीर रूप से घायल मिला। घटना में उसकी चाची को भी चोटें आई थीं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, जावेद वर्ष 2025 के एक हत्या मामले में आरोपी है। जांचकर्ताओं ने आशंका जताई थी कि उस पर हुआ हमला पुरानी हत्या की घटना से जुड़ी रंजिश का परिणाम हो सकता है। इस मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लिया था।सोनिया विहार की ताजा वारदात में हमले की वजह और आरोपियों की पहचान की पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।