Subhash Murder Case: शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सोलर प्लांट में हिस्सेदारी को लेकर चल रहा था विवाद, आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार

Published On

Subhash Murder Case: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। गांव जमाल में सोलर प्लांट के ठेकेदार सुभाष बेनीवाल की गोली मारकर हत्या के बाद बुधवार को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। धरने पर मृतक के पिता बहादुर सिंह, चाचा अशोक कुमार सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 3 अक्तूबर को भी सुभाष पर फायरिंग हुई थी और इस संबंध में डीएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि उस समय पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करती तो सुभाष की जान बच सकती थी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष की ओर से गांव का माहौल खराब किया जा रहा था और पिछले करीब 15 दिन से गांव में संदिग्ध व शरारती तत्व घूम रहे थे। उन्होंने सोलर प्लांट के संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। वहीं नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने ग्रामीणों से पोस्टमार्टम करवाने की अपील की, लेकिन स्वजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

सोलर प्लांट में हिस्सेदारी को लेकर था विवाद

मृतक के पिता बहादुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुभाष और आरोपितों के बीच सोलर प्लांट में काम की हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को सुभाष प्लांट के कार्यालय में बैठकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान राहुल डूडी गेट खोलकर अंदर आया और फायरिंग कर दी। गोली सुभाष को लगी, जबकि एक गोली उसके कान के पास से निकल गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर राकेश गरवा, राहुल सहित 8 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए, नाथूसरी चौपटा पुलिस सहित कई टीमें हरियाणा, राजस्थान और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एएसपी के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम के लिए माने स्वजन

बुधवार शाम करीब 5 बजे एएसपी आदर्शदीप सिंह नागरिक अस्पताल पहुंचे और स्वजन से बातचीत की। उन्होंने 3 अक्तूबर को दी गई शिकायत और मंगलवार की वारदात को आधार बनाकर निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्वजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। देर होने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

चार बहनों का इकलौता भाई था सुभाष

सुभाष चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी बहनें भी बुधवार को नागरिक अस्पताल पहुंचीं और रोते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तथा इंसाफ की मांग करती रहीं। हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

एसपी से मिले भाजपा पदाधिकारी, जल्द गिरफ्तारी की मांग

जमाल हत्याकांड को लेकर बुधवार को भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप, संजीव रातुसरिया और कपिल सोनी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

About The Author

Related Posts