BJP Rajasthan News: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ भागीरथ चौधरी ने दिया भाजपा कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क का संदेश

भाजपा कार्यकर्ता बैठकों में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी

Published On

किशनगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी बुधवार को अपने गृह क्षेत्र किशनगढ़ में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के आगमन पर आयोजित भाजपा कार्यकर्ता बैठकों में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने बाजेड़ा बालाजी, अराई रोड, किशनगढ़ तथा श्री श्याम रिजॉर्ट, अराई में आयोजित अजमेर देहात जिला कार्यकर्ता बैठकों में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने पंचायती राज चुनाव-2026 के मद्देनजर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क करने और जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को मिलेगी रफ्तार

बैठकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि केंद्र और राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को गति मिल रही है। नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद अब पंचायती राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति देने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के नेतृत्व वाली पंचायत एवं जिला परिषदों के गठन से केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

पंचायतीराज चुनाव ग्रामीण विकास की आधारशिला

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान आमजन के बीच पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करने का आह्वान किया।

ग्रामीण विकास के संकल्प को आमजन तक पहुंचाएं

केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने अपने गृह क्षेत्र किशनगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क और आपसी समन्वय को चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा अजमेर देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापति सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bhagirath-Diya

BJP-Diya Kishangarh

About The Author

Related Posts