शिक्षा और रोजगार
हेवन सिटी में ऑटो टिपर की मांग पर विवाद, वार्डवासियों ने क्या कहा?
ऑटो टिपर की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, सभी वार्डवासियों ने उठाई
Heaven City Colony Auto-Tipper Dispute: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। हेवन सिटी कॉलोनी के वार्डवासियों ने वार्ड पार्षद गुरदीप सिंह चहल की ओर से ऑटो टिपर की मांग को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया है कि ऑटो टिपर की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि सभी वार्डवासियों ने मिलकर नगर परिषद सभापति के समक्ष रखी थी। वार्डवासियों का कहना है कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से उन्होंने सभापति को ऑटो टिपर की आवश्यकता से अवगत करवाया था। ऐसे में इस सामूहिक मांग को किसी एक व्यक्ति से जोड़कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
वार्डवासी साहबराम ने कहा कि कॉलोनी में ऑटो टिपर चालू करवाने के लिए किससे और किसके माध्यम से मांग की गई थी, इसकी जानकारी सभी कॉलोनीवासियों को है। वार्ड के लोग अपनी समस्याओं को लेकर जागरूक हैं और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास से जुड़े मुद्दों पर सभी की सामूहिक भागीदारी है, इसलिए किसी एक व्यक्ति को इसका श्रेय देना सही नहीं है। वार्डवासियों ने लगभग दो-तीन महीने पहले कॉलोनी में पानी की निकासी को लेकर हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गुरदीप सिंह चहल की ओर से पानी की निकासी बंद करवाने की धमकी देने की बात सामने आई थी।
वार्डवासी अमरचंद ने कहा कि यदि उन्हें कॉलोनी के लोगों की समस्याओं की इतनी चिंता थी, तो उस समय पानी की निकासी रुकवाने के बजाय समस्या के समाधान को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई? पानी की निकासी कॉलोनीवासियों की मूलभूत जरूरत थी और इसका समाधान होना आवश्यक था। वार्डवासियों ने कहा कि जब उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर सभापति के सामने बात रखनी होती है, तो वे स्वयं उनसे संपर्क कर अपनी मांग प्रस्तुत करते हैं।
संबंधित मुद्दे पर पहले वार्डवासियों से चर्चा करने के बजाय अब बयान देकर श्रेय लेने का प्रयास करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उनकी प्राथमिकता कॉलोनी का विकास, सफाई व्यवस्था में सुधार और पानी निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थाई समाधान करवाना है। वार्डवासियों ने कहा कि जनता जागरूक है और घटनाक्रम को अच्छी तरह समझती है। विकास कार्यांे का श्रेय किसी एक व्यक्ति को देने के बजाय उन सभी लोगों को मिलना चाहिए, जिन्होंने मिलकर मांग उठाई है। इस मौके पर रमेश नरूला, केवल जाखड़, राजेंद्र शर्मा, रामजीलाल, प्रशांत शर्मा, सुरेंद्र, सुशील सहित कई अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
क्या बोले पार्षद
मेरा किसी से न विरोध था, न है और न रहेगा। मेरा जीवन जनसेवा को समर्पित है, जो जगजाहिर है। नई कॉलोनियों में ऑटो टिपर की व्यवस्था को लेकर मैंने अधिकारियों से कई बार चर्चा की। इसके बावजूद चुने हुए प्रत्याशी को नहीं बुलाना प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये को दर्शाता है। पानी निकासी में तकनीकी गलती कॉलोनाइजर की है, निवासियों की नहीं। तत्कालीन आयुक्त से समाधान पर चर्चा हुई थी। मेरी निस्वार्थ सेवा निरंतर जारी है और 24 घंटे आमजन के लिए उपलब्ध हूं। - गुरदीप चहल, वार्ड पार्षद।