शिक्षा और रोजगार
SKDU News: पैरामेडिकल एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज व विशेष शिक्षा विभाग विजेता
एसकेडीयू में अंतर-विभागीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय की ओर से गुरुवार को स्पंदन के अंतर्गत उत्साह क्लब के माध्यम से अंतर-विभागीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के मुकाबले हुए, जिनमें विधि, विशेष शिक्षा, पैरामेडिकल एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज, योग, कंप्यूटर साइंस तथा इंजीनियरिंग विभागों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पैरामेडिकल एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विशेष शिक्षा विभाग उपविजेता रहा। वहीं, महिला वर्ग में विशेष शिक्षा विभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया तथा पैरामेडिकल एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज विभाग उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देती हैं। इस मौके पर विश्वविद्यालय के निदेशक खेल डॉ. अभिषेक सांचोरा, शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रामदीप कौर, सहायक आचार्य डॉ. शबनम बानो एवं अरमान मलिक, विधि विभाग के सहायक आचार्य रवि बंसल, डॉ. रेखा, रिंकल छलिया, लैब टेक्नीशियन अनमोल सिनवाल, नर्सिंग ट्यूटर कनुप्रीत तथा सहायक आचार्य मनोज जोशी सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।