Returning Officers Training: ड्यूटी मिलते ही कार्मिकों तक पहुंच रही प्रशिक्षण सामग्री

पंचायत चुनाव में प्रशिक्षण का नया नवाचार, जिला कलक्टर ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

Published On

Hanumangarh Panchayat Elections News 2026: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कार्मिकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली।

प्रशिक्षण में पंचायत स्तर के रिटर्निंग अधिकारियों को अभ्यर्थियों से नामांकन पत्र प्राप्त करने, नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के बारे में जानकारी दी गई। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने पीपीटी प्रस्तुतियों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से नामांकन, संवीक्षा, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों को समझाया।

प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी निर्धारित प्रारूपों, नामांकन पत्रों की संवीक्षा, प्रतिभूति राशि, आवश्यक घोषणाओं और अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और सावधानी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर चैन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, जगदीश सिंह सुथार, रमेश धानक सहित अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे।

राजस्थान में पहली बार हनुमानगढ़ जिले का नवाचार

पंचायत चुनाव-2026 के दौरान हनुमानगढ़ जिले में कार्मिकों के प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष नवाचार किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त प्रत्येक कार्मिक के लिए प्रशिक्षण वीडियो तैयार किया गया है। ड्यूटी आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित कार्मिक को एक लिंक उपलब्ध करवाया जाता है, जिसके माध्यम से वह प्रशिक्षण वीडियो देख सकता है और उससे संबंधित प्रश्नों के उत्तर दे सकता है।

इस व्यवस्था से कार्मिकों को प्रत्यक्ष प्रशिक्षण में शामिल होने से पहले ही निर्वाचन प्रक्रिया और अपने दायित्वों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल जाती है। प्रशिक्षण सामग्री पहले से उपलब्ध होने के कारण कार्मिक प्रशिक्षण सत्र में बेहतर तैयारी के साथ पहुंचते हैं और निर्धारित प्रक्रियाओं को समझने में आसानी होती है। यह नवाचार राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में इस बार किया गया है, जिसके तहत ड्यूटी लगने के साथ ही कार्मिकों तक प्रशिक्षण सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

About The Author

Related Posts