खेत में करंट लगने से युवक की मौत के मामले में बिजली निगम के खिलाफ केस

18 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत पर पिता ने लगाया लापरवाही का आरोप

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। संगरिया क्षेत्र के गांव नाथवाना में कृषि भूमि पर पानी की डिग्गी के पास करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में जोधपुर विद्युत वितरण निगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के पिता कलवंत सिंह की ओर से अदालत में परिवाद पेश करने के बाद इस्तगासे के आधार पर संगरिया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

कलवन्त सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी 3 डीएलपी, नाथवाना की ओर से अदालत में पेश परिवाद के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को कलवंत सिंह का पुत्र हरमन सिंह चक 3 डीएलपी, नाथवाना स्थित कृषि भूमि में सिंचाई करने गया था। शाम करीब सात बजे पानी की डिग्गी के पास विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर के निकट से गुजरते समय उसे करंट लग गया। परिजन उसे संगरिया के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे हनुमानगढ़ ले जाने को कहा गया। इसके बाद परिजन उसे हनुमानगढ़ टाउन स्थित हिसारिया अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलवंत सिंह ने परिवाद में आरोप लगाया कि विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर के तार ढीले होने के कारण उसके पुत्र की करंट लगने से मौत हुई। हरमन सिंह करीब 18 वर्ष का था और परिवार का इकलौता बेटा था।

पिता के अनुसार, घटना के बाद परिवार सदमे में था, जिसके कारण वह तत्काल पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सका। परिवाद में बताया गया कि मृतक के चाचा हरबंस सिंह ने घटना के संबंध में संगरिया थाने में सूचना दी थी। इसके बाद 24 अगस्त को थाना प्रभारी और 31 अगस्त को जिला पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत में परिवाद पेश किया गया। पुलिस ने अदालत के इस्तगासे पर जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और संगरिया के सहायक अभियंता (ग्रामीण) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह को सौंपी है। मामले में पुलिस की ओर से विद्युत विभाग की कथित लापरवाही और हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

About The Author

Related Posts