शिक्षा और रोजगार
Nisha Khichar Notice: यूथ कांग्रेस नेता निशा खीचड़ को पुलिस का नोटिस
बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर कार्रवाई की चेतावनी
Nisha Khichar Notice: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जयपुर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले हनुमानगढ़ की यूथ कांग्रेस नेता निशा खीचड़ को जयपुर की जवाहर सर्किल थाना पुलिस की ओर से नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने यह नोटिस निशा खीचड़ के पिता पूर्व उपसभापति एवं कांग्रेस पार्षद अनिल खीचड़ के हनुमानगढ़ स्थित घर के बाहर चस्पा किया है। निशा खीचड़ यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पुलिस के नोटिस के अनुसार विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से जानकारी मिली कि निशा खीचड़ की ओर से 10 अक्टूबर को पत्रिका गेट, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, जयपुर पर एकत्रित होकर धरना देने एवं विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसी को लेकर जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने उन्हें नोटिस के माध्यम से चेतावनी दी है। नोटिस में पुलिस ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय जयपुर के आदेश के तहत बिना अनुमति धरना देने एवं विरोध-प्रदर्शन करने को प्रतिबंधित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि बिना अनुमति एकत्रित होकर धरना या विरोध-प्रदर्शन किया जाता है तो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यहां बता दें कि निशा खीचड़ हाल ही में दिल्ली में आयोजित विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ शामिल हुई थीं। दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद जयपुर में भी विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। हालांकि दिल्ली प्रदर्शन के मद्देनजर जयपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन के टलने की बात सामने आई है। इसके बावजूद जयपुर पुलिस की ओर से निशा खीचड़ को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस चस्पा होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।