Pali Railway Station News: GM पंकज शर्मा ने किया पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

97 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं के साथ दिखेगी स्थानीय संस्कृति की झलक

Published On

पाली, (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जोधपुर मंडल के दो दिवसीय दौरे के दौरान पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण दौरे के तहत महाप्रबंधक शर्मा ने सबसे पहले पाली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े नक्शे और लेआउट का प्रस्तुतीकरण बारीकी से देखा और कहा कि स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित किया जा रहा है। स्टेशन के नए स्वरूप में पाली मारवाड़ की स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुनर्विकास के बाद स्टेशन सुंदर और आकर्षक बनने के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं से भी लैस होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान पाली रेलवे स्टेशन के पास पुनर्विकसित अंडरपास-28 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंडर ब्रिज से गुजरने वाले पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही,बारिश के दौरान पानी जमा होने से रोकने के लिए जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए।

महाप्रबंधक ने बताया कि पाली में रेलवे के अंडरपास में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी सुधार किए गए हैं। इसके तहत शहर के कुछ नालों का रास्ता बदला गया है,ताकि पानी की निकासी बेहतर हो सके और लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिले। उन्होंने कहा कि रेलवे ने इस परियोजना को आधुनिक सुविधाओं के रूप में विकसित किया है, जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

बारीकी से देखी मूलभूत यात्री सुविधाएं

निरीक्षण दौरे में महाप्रबंधक ने पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन के बुकिंग कार्यालय,पेयजल व्यवस्था,बैठने की सुविधा,यात्री प्रतीक्षालय और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण से पहले स्टेशन प्रबंधक  ए के झा और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा का साफा पहनाकर और माल्यार्पण से स्वागत किया और पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर कराए जा रहे विकास कार्यों के प्रति आभार जताया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी,मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सुनील कुमार, उपमुख्य निर्माण अभियंता (गति शक्ति) प्रवेंद्र सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आरएन जाट,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनियर महेन्द्र कुमार मीणा(सामान्य),वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनियर(कर्षण) हरीश शर्मा,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनियर (ट्रेक्शन रोलिंग ऑपरेशन) विजय चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

GM-Inspection-Pali

About The Author

Related Posts