शिक्षा और रोजगार
नाली निर्माण अधूरा, सड़कों पर बिखरा मलबा, आमजन परेशान
गायत्री व सद्भावना पार्कों के नवीनीकरण और देखरेख की उठी मांग
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नगर परिषद के वार्ड नंबर 9, सेक्टर नंबर 12 में गली, नाली एवं पार्कों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद मनप्रीत सिंह सैनी ने गुरुवार को नगर परिषद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। पार्षद ने क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने तथा अधूरे विकास कार्यों को पूरा करवाने की मांग की।
पार्षद मनप्रीत सिंह सैनी ने बताया कि नगर परिषद चुनाव-2026 के दौरान सेक्टर नंबर 12 में नाली निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। यह कार्य अशोक बलाड़िया के मकान से शर्मा स्कूल के सामने होते हुए ओम ओढ़ के घर तक करवाया जाना था, लेकिन वर्तमान में नाली निर्माण का कार्य बीच में ही बंद पड़ा है। निर्माण कार्य के कारण सड़कों पर मलबा भी बिखरा हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से मांग की कि संबंधित ठेकेदार को पाबंद कर नाली निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाए। साथ ही नाली निर्माण के बाद सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। पार्षद ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करवाने की मांग भी की है। इसके लिए मौके पर तैनात सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का निरीक्षण करवाने का आग्रह किया गया है।
पार्षद ने पत्र में सेक्टर नंबर 12 में स्थित गायत्री पार्क एवं सद्भावना पार्क की स्थिति सुधारने की मांग भी उठाई। उन्होंने दोनों पार्कों के नवीनीकरण के साथ-साथ उनमें पौधारोपण करवाने का सुझाव दिया। इसके अलावा पार्कों की नियमित देखरेख के लिए माली की नियुक्ति करवाने की मांग की, जिससे पार्कों में हरियाली बनी रहे और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके। मनप्रीत सिंह सैनी ने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाते हुए अधूरे नाली-सड़क निर्माण को पूरा कराने तथा दोनों पार्कों के विकास एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी और वार्ड में मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा।