स्पीकर देवनानी से उत्तर प्रदेश स्पीकर सतीश महाना की मुलाकात

देवनानी ने महाना का दुपट्टा पहना कर किया अभिवादन

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से रविवार को यहां सिविल लाइंस स्थित राजकीय आवास पर उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मुलाकात की। इस अवसर पर देवनानी ने महाना का दुपट्टा पहना कर अभिवादन किया। दोनों विधान सभा अध्यक्षों के बीच देश की लोकतांत्रिक एवं विधायी परम्पराओं, विधान सभाओं के सुचारु संचालन तथा सदनों की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

देवनानी ने कहा कि देश की विधान सभाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारभूत संस्थाएं हैं। इनके माध्यम से जनप्रतिनिधि जनभावनाओं को सदन तक पहुंचाने के साथ ही जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक विमर्श करते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों की विधान सभाओं के बीच अनुभवों और श्रेष्ठ संसदीय परम्पराओं का आदान-प्रदान लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक है।

महाना ने राजस्थान विधान सभा की गौरवशाली संसदीय परम्पराओं की सराहना करते हुए देवनानी को राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अमृत महोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों अध्यक्षों ने विधायी अनुभवों के परस्पर आदान-प्रदान को निरंतर बनाए रखने की आवश्यकता जताई।

About The Author

Related Posts