Hanumangarh Water Supply News: गैस पाइप लाइन बिछाते समय तोड़ी मुख्य पाइपलाइन, सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी
बीपीसीएल पर लापरवाही का आरोप, मरम्मत में देरी से कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित
Hanumangarh Water Supply News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन शहर में बीपीसीएल कंपनी की ओर से गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेक्टर नंबर 6 स्थित सामुदायिक केन्द्र के सामने गैस पाइप लाइन बिछाते समय जलदाय विभाग की 8 इंच की मुख्य पेयजल पाइप लाइन को तीन स्थानों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि पाइप लाइन टूटने के बाद न तो बीपीसीएल की ओर से इसकी मरम्मत करवाई गई और न ही जलदाय विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
रविवार अलसुबह अबोहर बाइपास स्थित जलप्रदाय योजना से जंक्शन में सुबह 4.30 से 6.30 बजे तक पानी की सप्लाई जारी रही। इस दौरान क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह गया। पानी तिलक सर्किल से लेकर पीली चक्की तक सड़क किनारे फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने सुबह मामले की सूचना जलदाय विभाग के अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया। पाइप लाइन की मरम्मत के चलते सेक्टर नंबर 6, चूना फाटक और चूना बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। रविवार को पानी की सप्लाई नहीं होने से गृहणियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान बरती गई लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कंपनी से कार्य के दौरान अन्य सरकारी पाइप लाइनों एवं सुविधाओं का ध्यान रखने की मांग की है।