Hanumangarh Drug-Free Rally: 'सुखम 100' नशामुक्ति जागरूकता रैली, नशे से दूर, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़े युवा

कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की

Published On

Hanumangarh Drug-Free Rally: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। भारत सरकार के 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत के लिए' अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह के स्वस्थ जीवनशैली कार्यक्रम 'सुखम 100' के तहत रविवार को युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारीज पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन की ओर से राजकीय सावित्रीबाई फुले महिला महाविद्यालय छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के तहत सुबह युवाओं ने नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली। युवाओं ने प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। युवाओं ने स्वयं नशामुक्त जीवन जीने के साथ परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। 'सुखम 100' की युवा सहभागिता रूपरेखा के तहत युवाओं को सीखने, अनुभव करने, सामुदायिक गतिविधियों में हिस्सा लेने तथा प्रतिज्ञा के माध्यम से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में युवाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशामुक्त होकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं तो वे स्वयं के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छात्रावास संचालक शीशपाल कौर ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने और नशे से दूर रखने में उपयोगी हैं।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, गृह मंत्रालय एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग सहित संबंधित संस्थाओं के सहयोगात्मक प्रयासों से जुड़े व्यापक नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली अभियान का हिस्सा है। ब्रह्माकुमारीज पाठशाला की ओर से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशामुक्त रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में योगदान दें, ताकि स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

About The Author

Related Posts