टिब्बी पालिकाध्यक्ष देवीलाल मेघवाल ने संभाला पदभार, सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए लिया बड़ा फैसला

एक्शन मोड में पालिकाध्यक्ष देवीलाल मेघवाल: टिब्बी में सफाई व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश, डंपिंग यार्ड बने खेल मैदान का होगा कायाकल्प

Published On

टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: टिब्बी नगरपालिका में नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष देवीलाल मेघवाल ने पदभार संभालते ही कस्बे की मूलभूत व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए एक्शन मोड अपना लिया है। सोमवार को उन्होंने कस्बे की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान सफाई कर्मियों व उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली गई तथा पार्षदों से कस्बे को साफ-सुथरा बनाने के लिए सुझाव मांगे गए। बैठक में कस्बे के विभिन्न वार्डों की क्षतिग्रस्त नालियों और सड़कों की मरम्मत कराने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

सफाई व्यवस्था जैसी संवेदनशील विषय पर बुलाई गई पहली ही बैठक में अधिशासी अधिकारी  की अनुपस्थिति पर पालिकाध्यक्ष और सभी पार्षदों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। पालिकाध्यक्ष ने सख्त हिदायत दी कि भविष्य में पालिका की जब भी बैठक आयोजित हो, ईओ और अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

कस्बे को कचरा मुक्त बनाने के लिए सभी 20 वार्डों को 4-5 समूहों में बांटकर एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सड़कों और वार्डों की गलियों में कहीं भी कचरे के ढेर नजर नहीं आने चाहिए, इसके लिए तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू किया जाएगा।

बैठक के पश्चात पालिकाध्यक्ष ने पार्षदों के साथ कस्बे के पुराने खेल मैदान और जोहड़ का जायजा लिया। विकास की पहली प्राथमिकता के रूप में, वर्तमान में डंपिंग यार्ड बन चुके इस पुराने खेल मैदान का कायाकल्प कर इसे एक सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके पहले चरण में जल्द ही मलबे का समतलीकरण कर मिट्टी भर्ती का प्रस्ताव लिया जाएगा। इसके साथ ही जोहड़ के पानी के स्थायी निस्तारण के लिए भी जल्द रूप-रेखा बनाई जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद पत्रकार प्रभु राम, हरदीप सिंह, सुशील कुमार, विकास कुमार, संजय कुमार, एडवोकेट भंवर लाल गौड़, निशा रामप्रताप, मधु मनिष अरोड़ा, यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव मान सिंह राठौड़, गौरीशंकर कल्याणी तथा अमर सिंह बीरट सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts