मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के गले से सोने की चेन झपटी

बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, करीब डेढ़ तोला सोने की चेन ले उड़े

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। वारदात सनसिटी के आगे नर्सरी के पास सुबह करीब 6.50 बजे हुई। पीड़ित के पति ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक भगाकर फरार हो गए।

टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार निरंजन देव (51) पुत्र राजकुमार जांगिड़ निवासी वार्ड नंबर 38, पंवार नगर, टाउन ने रिपोर्ट दी कि वह और उसकी पत्नी रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। 26 सितंबर की सुबह करीब 6.50 बजे दोनों टिब्बी रोड से होते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सनसिटी के आगे नर्सरी के सामने पहुंचे, पीछे से काले रंग की मोटर साइकिल पर दो अज्ञात व्यक्ति आए। बाइक सवारों ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर करीब डेढ़ तोला वजन की सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गए।

परिवादी ने बताया कि उसने बदमाशों का पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज गति से मोटर साइकिल भगाकर निकल गए। अचानक हुई वारदात के कारण वह मोटर साइकिल का नंबर पूरी तरह नहीं देख सका। परिवादी ने पुलिस से घटना स्थल सनसिटी एवं नर्सरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी करने तथा छीनी गई सोने की चेन बरामद करने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक उम्मेदाराम को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

About The Author

Related Posts