गुजरात गए कारोबारी की कोठी के ताले तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
20 तोला सोना, दो किलो चांदी और 50 हजार रुपए ले गए चोर, पिता ने थाने में दर्ज करवाया मामला
हनुमानगढ़। भादरा थाना क्षेत्र के उतरादाबास गांव में गुजरात गए एक कारोबारी के सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर करीब 20 तोला सोने के जेवरात, करीब दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए नकद सहित घरेलू कीमती सामान चोरी कर ले गए। भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जगदीश प्रसाद (78) पुत्र पतराम नाई निवासी उतरादाबास ने थाने में रिपोर्ट दी।
उन्होंने बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार तंवर गुजरात के गांधीधाम में व्यवसाय करता है। उनका पैतृक गांव उतरादाबास है। कृष्ण कुमार अपनी कोठी पर ताला लगाकर गुजरात गया हुआ था और जगदीश प्रसाद अपने छोटे बेटे सुरेंद्र कुमार के साथ गांव में रहते हैं। जगदीश प्रसाद के अनुसार 26 सितंबर को कृष्ण कुमार ने गुजरात से फोन कर बताया कि उसने कुछ घरेलू सामान भेजा है और उसे अपने घर में रखवा देना। दोपहर करीब एक बजे वह सामान को कृष्ण कुमार की कोठी में रखने के लिए पहुंचा तो हॉल का ताला टूटा हुआ मिला। अं
दर जाकर देखा तो दो कमरों के लॉक भी टूटे हुए थे तथा सन्दूक, अलमारी और लॉकर का सामान बाहर बिखरा पड़ा था। उन्होंने अपने बेटे कृष्ण कुमार को फोन कर घर में रखे सामान के बारे में पूछा। कृष्ण कुमार ने बताया कि सन्दूक, अलमारी और लॉकर में करीब 20 तोला सोने के जेवरात, जिसमें मंगलसूत्र, दो गलसरी, एक रखड़ी, दो अंगूठियां, गले के दो पेंडल, दो जोड़ी कानों के झुमके, नाक की नथनी/नोजपिन और छह बालियां शामिल थीं।
इसके अलावा करीब दो किलो चांदी के जेवरात, जिनमें 30 चांदी के पैन, देवी-देवताओं की 35 चांदी की फोटो, दो जोड़ी पाजेब और बिछिया तथा 50 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। रिपोर्ट में बताया गया कि अज्ञात चोर कृष्ण कुमार की कोठी के ताले तोड़कर उक्त जेवरात, नकदी और अन्य घरेलू कीमती सामान चोरी कर ले गए। पूछताछ में परिवादी ने बताया कि कृष्ण कुमार 14 अगस्त को गुजरात गया था और उसके जाने के बाद मकान बंद था। पुलिस ने रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुमेर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।