शिक्षा और रोजगार
School Van Accident: स्कूल वैन से गिरकर छह वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, चालक पर मामला दर्ज
चलती वैन से गिरने के बाद टायर के नीचे आया मासूम, परिजनों ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
School Van Accident: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। रावतसर थाना क्षेत्र में चक 16 डीडब्ल्यूडी में बुधवार दोपहर स्कूल वैन से गिरने के बाद छह वर्षीय छात्र अनमोल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। घटना के संबंध में बच्चे के चाचा की रिपोर्ट पर रावतसर थाना पुलिस ने स्कूल वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार चक 16 डीडब्ल्यूडी निवासी रणजीत पुत्र बलवीर बाजीगर का छह वर्षीय भतीजा अनमोल लॉडर्स पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत था और प्रतिदिन स्कूल वैन से विद्यालय आता-जाता था। बुधवार को करीब 12.30 बजे स्कूल वैन संख्या आरजे 38 टीए 0397 से अनमोल के गिरने की घटना हुई। रिपोर्ट के अनुसार वैन के टायर के नीचे आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने रिपोर्ट में स्कूल वैन चालक पर वाहन को लापरवाही से चलाने का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि चालक की कथित लापरवाही को लेकर पूर्व में स्कूल प्रशासन को अवगत कराया गया था। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और वैन संचालन से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रावतसर पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई अमरसिंह को सौंपी गई है। पुलिस जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी।