मुठभेड़ में स्नैचर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

महिला का मंगलसूत्र छीनकर सोने की टिक्की बनाई थी, तमंचा और स्कूटी बरामद

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)।  कविनगर थाना पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के बाद स्नैचिंग की घटना में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से सोने की टिक्की, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की होंडा एक्टिवा बरामद हुई है। आईपीएस /एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने मीडिया को बताया कि  11 सितंबर 2026 को आरके पुरम, गोविंदपुरम निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सफेद स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके गले से करीब पांच ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। मामले में कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 23 सितंबर को आईडीएल कॉलेज रोड चौराहा, शताब्दीपुरम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी इमरान मंसूरी उर्फ मक्खी (20) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए संजय नगर स्थित अस्पताल भेजा गया।

मंगलसूत्र पिघलाकर बनाई सोने की टिक्की

एसीपी श्री  डागा  ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी सूरज के साथ मिलकर 11 सितंबर को आरके पुरम, गोविंदपुरम में महिला का मंगलसूत्र छीना था। बाद में मंगलसूत्र को पिघलाकर सोने की टिक्की बना ली। आरोपी ने आरडीसी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से साथी के साथ दो मोबाइल फोन स्नैच करने की बात भी पुलिस को बताई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोने की टिक्की बेचने और एक अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए निकला था।गिरफ्तार आरोपी की पहचान  इमरान मंसूरी उर्फ मक्खी पुत्र स्माईम मंसूरी, निवासी लोहिया नगर, थाना आदर्श नगर, दिल्ली के रूप में हुई है । कब्जे से सोने की टिक्की, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और सफेद रंग की होंडा एक्टिवा।  कविनगर थाना प्रभारी अनुराग शर्मा  के मुताबिक, इमरान के खिलाफ गाजियाबाद कमिश्नरेट में स्नैचिंग के तीन और वाहन चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Related Posts