आधे घंटे के तूफान ने मचाई तबाही, खेतों में फसलें बिछीं, विद्युत पोल टूटे, आपूर्ति ठप
आधे घंटे के तूफान ने मचाई तबाही, खेतों में फसलें बिछीं, विद्युत पोल टूटे, आपूर्ति ठप
मीरापुर ((सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: बृहस्पतिवार सुबह अचानक आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने मीरापुर क्षेत्र में जमकर तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के चलते खेतों में खड़ी गन्ना, धान, बाजरा और मक्का समेत कई फसलें जमीन पर बिछ गईं। फसलों के अलावा पेड़ भी टूटकर नीचे गिर गए। अचानक आई प्राकृतिक आपदा से किसानों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चले तूफान ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के कारण गन्ने और मक्का की फसल खेतों में गिर गई, जबकि धान और बाजरा की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में फसलें बिछी देखकर किसान मायूस नजर आए। तूफान के बाद किसानों ने अपने खेतों का रुख किया तो जगह-जगह फसलें गिरी पड़ी मिलीं। किसानों का कहना है कि फसल तैयार करने में उन्होंने काफी मेहनत और धन खर्च किया था।
अब फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान की चिंता भी सताने लगी है। वहीं, तेज तूफान ने विद्युत व्यवस्था को भी प्रभावित किया। कई स्थानों पर विद्युत पोल टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी रही। किसान चैधरी जोगेन्द्र, वीरेन्द्र, सतेन्द्र, मौ अली, अजय, सुक्खन, शरणवीर, नरेन्द्र, बेदू, गुड्डू, बिजेन्द्र, नरेन्द्र आदि ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में खेतों का सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करे।