Bulldozer Action: कैराना में अवैध कॉलोनियों पर चला एमडीए का बुलडोजर, बिना स्वीकृति बने भवनों पर भी कार्रवाई

कस्बे के इस्सापुर खुरगान रोड व काजी के बाग के निकट विकसित की जा रही कॉलोनियां की गई ध्वस्त

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana Bulldozer Action: नगर में मानचित्र स्वीकृत कराए बगैर विकसित की जा रही कॉलोनियों और भवनों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने शिकंजा कसा है। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कस्बे के इस्सापुर खुरगान रोड और काजी के बाग के निकट दो कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर प्लॉटिंग के लिए किए गए निर्माण को ध्वस्त करा दिया। इसके अलावा, कांधला तिराहे के निकट व पानीपत रोड पर बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे दो भवनों को सील किया गया है।

मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता संजय वशिष्ठ और अवर अभियंता गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम कैराना पहुंची। जहां पर स्थानीय पुलिस बल के साथ टीम ने सबसे पहले कस्बे के इस्सापुर खुरगान रोड पर करीब चार हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही कॉलोनी के विरुद्ध कार्यवाही शुरू की। प्राधिकरण के मुताबिक, यहां बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लॉटिंग की जा रही थी। टीम ने बुलडोजर की मदद से मौके पर प्लॉटिंग के लिए किए गए निर्माण को ध्वस्त करा दिया। इसके बाद, टीम कस्बे में स्थित काजी के बाग के निकट पहुंची। यहां भी बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित किए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। बुलडोजर से प्लॉटिंग के लिए किए गए निर्माण को हटाया गया। एक ही दिन में दो स्थानों पर बुलडोजर चलने से कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा रहा।

बिना स्वीकृति बने भवन पर लगाई सील

कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण के बाद प्राधिकरण की टीम ने भवनों के निर्माण की भी जांच की। कांधला तिराहे के निकट मस्जिद के सामने गली में बिना मानचित्र स्वीकृति बनाए जा रहे एक भवन को सील कर दिया गया। वहीं, पानीपत मार्ग पर स्थित एक अन्य भवन पर भी प्राधिकरण की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं, अवर अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृति प्लॉटिंग करने और नियमों के विपरीत भवनों का निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे निर्माणों को चिह्नित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण अथवा सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

कस्बे के प्रमुख मार्गों पर बन रही कॉलोनियों की होगी जांच

कैराना में बाईपास रोड, पानीपत रोड, शामली रोड, तितरवाड़ा रोड और मायापुर रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियां भी प्राधिकरण की निगरानी में हैं। इनमें मानचित्र एवं अन्य आवश्यक स्वीकृतियों की जांच के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में कार्रवाई वाले स्थानों पर दोबारा प्लॉटिंग अथवा निर्माण किए जाने की स्थिति में भी प्राधिकरण ने पुनः कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

 

About The Author

Related Posts