भाई-भाभी पर चाकू से जानलेवा हमले करने का आरोपी दबोचा, जेल रवाना
भाई-भाभी पर चाकू से जानलेवा हमले करने का आरोपी दबोचा, जेल रवाना
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Crime News: चार दिन पूर्व भाई व भाभी पर चाकू से प्रहार करके जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
विगत 07 सितंबर को फरमान निवासी ग्राम मंडावर की बहन व बहनोई पर सुफियान व इसरार निवासीगण ग्राम गन्दराऊ व जाहिद निवासी ग्राम जन्धेडी ने गाली-गलौच व मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया था, जिसमें दोनों पति-पत्नी गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के सम्बन्ध में फरमान की ओर से कोतवाली पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया था। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत एसपी शामली ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना को आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया था।
इसी क्रम में विगत गुरुवार रात्रि एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेशानुसार आपराधिक घटनाओं में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने घटना में वांछित आरोपी सूफियान निवासी ग्राम गन्दराऊ को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस ने चालान करके आरोपी को जेल रवाना कर दिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।