गेट लगाने को लेकर विवाद, युवक की उंगली कटी

चाकू से हमला करने का आरोप, घायल को श्रीगंगानगर किया रेफर

Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन की शंकर नगर कॉलोनी में गेट दोबारा लगवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला करने का आरोप है, जिससे उसकी उंगली कटकर अलग हो गई। गंभीर हालत में घायल युवक को उपचार के लिए श्रीगंगानगर रेफर किया गया है।

मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में शंकर नगर कॉलोनी, वार्ड नंबर 18 निवासी आशीष नारंग (45) पुत्र ओमप्रकाश नारंग ने बताया कि कॉलोनी में गेट दोबारा लगवाने को लेकर 9 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे पंचायत हुई थी। इसमें कॉलोनी के करीब 30-40 लोग मौजूद थे। पंचायत में तय स्थान पर गेट लगवाने को लेकर सहमति बन गई थी। इसके बाद शाम करीब 5.30 बजे मिस्त्री और कॉलोनी के लोग गेट लगाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दिनेश बंसल और उसकी पत्नी मीनू बंसल मौके पर विवाद करने लगे। समझाने के बावजूद वे नहीं माने।

झगड़े के दौरान विनोद बंसल और उसकी पत्नी ने अंकुर मुंजाल पुत्र अविनाश मुंजाल पर हमला कर दिया। आरोपियों के पास चाकू भी थे। हमले में अंकुर मुंजाल की एक उंगली कटकर अलग हो गई। घायल अंकुर मुंजाल को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार अंकुर मुंजाल के पिता का निधन हो चुका है और वह शिकायतकर्ता आशीष नारंग का पड़ोसी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में आरोपों की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts