शिक्षा और रोजगार
सूरतगढ़ जाने के लिए निकली महिला और 9 वर्षीय बेटा लापता
अज्ञात पर अपहरण का मामला दर्ज
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के धोलीपाल गांव से महिला और उसके 9 वर्षीय बेटे के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार धोलीपाल निवासी महेन्द्र सिंह (41) पुत्र सार्दुल सिंह राजपूत ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी रानी कंवर (35) और बेटा भैरू सिंह (9) गत 28 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे सूरतगढ़ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद दोनों बीच रास्ते में ही लापता हो गए।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। महेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आशंका जताई कि उसकी पत्नी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है।
गोगामेड़ी जाने का कहकर घर से निकला युवक लापता
हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के पंडितांवाली गांव से गोगामेड़ी जाने का कहकर घर से निकला 31 वर्षीय युवक लापता हो गया। कई दिनों तक तलाश करने के बाद भी युवक का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने पीलीबंगा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
5 सितंबर को निकला था 31 वर्षीय युवक, मोबाइल फोन बंद
पुलिस के अनुसार पंडितांवाली निवासी महावीर (55) पुत्र कालूराम धानक ने रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा सतपाल (31) सिलाई का कार्य करता है। वह 5 सितंबर को सुबह करीब 10.30 बजे घर से गोगामेड़ी जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने सतपाल से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद परिवार ने आसपास के क्षेत्र और रिश्तेदारियों में फोन कर युवक की तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों के अनुसार घर से निकलते समय सतपाल ने सफेद रंग का पायजामा-कुर्ता और नीले रंग के जूते पहन रखे थे। उसका कद करीब 5 फीट 8 इंच और रंग गोरा बताया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस युवक की तलाश के लिए संभावित स्थानों और संपर्क सूत्रों के आधार पर जांच कर रही है।