Missing woman: 20 वर्षीय युवती अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ लापता

रात के समय बेटी व नातिन को ले जाने का आरोप, महिला ने दर्ज करवाया मुकदमा

Published On

Missing woman: हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर उसकी 20 वर्षीय बेटी और एक वर्षीय दोहिती के अपहरण के आरोप में मामला दर्ज किया है। महिला ने पदमपुर क्षेत्र के एक युवक पर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर बच्ची सहित ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में वार्ड नंबर 1, मलकोकां निवासी 47 वर्षीय विमला देवी पत्नी संजय भाट ने बताया कि उसकी बेटी कोमल की शादी पदमपुर जिला श्रीगंगानगर में हुई थी। कोमल के दो बच्चे हैं। पति की मृत्यु के बाद करीब 20 वर्षीय कोमल अपनी एक वर्षीय बेटी मोनिका के साथ वापस अपने पीहर मलकोका में रह रही थी।

रिपोर्ट के अनुसार परिवार को जानकारी हुई कि कोमल की बातचीत सुनील निवासी 25 बीबी तहसील पदमपुर जिला श्रीगंगानगर से होती थी। परिवार की ओर से कोमल को उससे बातचीत करने से मना किया जाता था। विमला देवी ने आरोप लगाया कि 6 सितंबर की रात करीब 12.30 बजे सुनील उसकी बेटी कोमल को उसकी एक वर्षीय पुत्री मोनिका सहित बहला-फुसलाकर घर से ले गया। घटना के बाद परिजनों ने कोमल और सुनील से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के फोन स्विच ऑफ मिले।

परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। रिपोर्ट में महिला ने आशंका जताई कि सुनील उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने पुलिस से बेटी कोमल और दोहिती मोनिका को बरामद करने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपहरण के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक मदन लाल को सौंपा गया है। पुलिस दोनों की तलाश एवं मामले की जांच में जुटी है।

About The Author

Related Posts