रास्ता रोककर मजदूर के सिर पर ईंट से हमला

पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, घायल के सिर में आए चार टांके

Published On

हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र के गांव जंडवाला सिखान में मजदूरी कर घर लौट रहे एक व्यक्ति का रास्ता रोककर सिर पर ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में व्यक्ति के सिर से खून बहने लगा और उसे उपचार के दौरान चार टांके आए। घायल ने पड़ोसी पर पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया है।

संगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 7, जंडवाला सिखान निवासी केसरसिंह (47) पुत्र देवसिंह ने रिपोर्ट दी कि वह मजदूरी करता है। उसके पड़ोस में रहने वाला छिंदा सिंह पुत्र दर्शन सिंह उसके परिवार से रंजिश रखता है और आए दिन घर में दखलंदाजी करता है। इसको लेकर आपत्ति जताने पर आरोपी ने उसे धमकी भी दी थी। परिवादी के अनुसार 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह मजदूरी का काम करके घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में छिंदा सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा।

आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया। हमले में सिर से खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोग मौके पर एकत्र हो गए और बीच-बचाव कर घायल को छुड़ाया। यदि लोग समय पर नहीं पहुंचते तो आरोपी उसे गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था। घायल केसरसिंह के अनुसार सिर में चोट लगने के कारण उसे उपचार करवाना पड़ा और सिर में चार टांके आए।

इसके अलावा बाएं हाथ की छोटी अंगुली पर भी चोट लगी। पुलिस ने परिवादी की चोटों का निरीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हैड कांस्टेबल प्रदीप कालवी को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों और दोनों पक्षों के बीच चल रही रंजिश की भी जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts