शादी के कार्ड बांटने निकले युवक को बस ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
मेगा हाइवे पर हादसा, तेज रफ्तार बस करीब 500 मीटर तक बाइक को घसीटती ले गई
Hanumangarh Road Accident: हनुमानगढ़। शादी के कार्ड बांटने के लिए मोटर साइकिल से पल्लू जा रहे 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मेगा हाइवे पर श्याम मंदिर के सामने हुआ, जहां सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने युवक की मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक मोटर साइकिल और युवक को करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, चक हरीपुरा निवासी बुधराम पुत्र जेठाराम नायक ने टाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा राधेश्याम (25) दो सितम्बर को अल सुबह करीब 4 बजे अपनी शादी के कार्ड बांटने के लिए मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसएक्स 4793 से पल्लू जाने के लिए रवाना हुआ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, राधेश्याम जब मेगा हाइवे पर श्याम मंदिर के सामने पहुंचा, तभी रावतसर की ओर से आ रही बस नंबर आरजे 31 पीबी 4000 का चालक बस को तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में चलाते हुए आया। आरोप है कि बस चालक ने राधेश्याम की मोटर साइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस चालक मोटर साइकिल और राधेश्याम को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया।
दुर्घटना में राधेश्याम का एक हाथ और पैर धड़ से अलग हो गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक का शव राजकीय अस्पताल, टाउन की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी कर रहे हैं। Hanumangarh News