Delhi Crime News: नरेला में तीन हमलावरों ने की जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। वारदात करीब सुबह 7 बजे बांकनेर क्षेत्र में एक जिम के बाहर हुई। हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाया और गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। Delhi Crime News

मृतक की पहचान 42 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र स्थित नाहरी गांव के रहने वाले थे। प्रमोद कुमार प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और मुकुल प्रॉपर्टी का संचालन करते थे। नाहरी गांव में उनका मुकुल गार्डन नाम से बैंक्वेट हॉल भी बताया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार सुबह जिम के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। गोली लगने से प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के सामने फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या से पहले आरोपियों ने मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी थी या नहीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई। Delhi Crime News

रोहिणी में लूट और हत्या के मामले की भी चर्चा

नरेला की इस घटना से एक दिन पहले दिल्ली के रोहिणी इलाके में लूट और हत्या का मामला सामने आया था। इस घटना में करीब 60 वर्षीय राकेश खन्ना की मौत हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे तीन आरोपी घर के भीतर दाखिल हुए थे, जबकि उनका एक साथी बाहर निगरानी कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी। कथित तौर पर यह रेकी 30 अगस्त को की गई थी। वारदात के दौरान घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और सोने के कुछ आभूषण ले जाने की बात सामने आई है।

रोहिणी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सिमरन तनेजा, चिराग और पारस के रूप में बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय सिमरन तनेजा मृतक की भतीजी है और जांच में उसे कथित तौर पर साजिश की मुख्य आरोपी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे की वजहों की जांच कर रही है। नरेला हत्याकांड में फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है। Delhi Crime News

About The Author

Related Posts