सोनीपत में रक्षाबंधन के दिन बड़ा हादसा, करंट से बिजलीकर्मी व किसान की मौत

परिजनों ने समय से पहले बिजली सप्लाई चालू करने का लगाया आरोप

Published On

सोनीपत, (सच कहूँ न्यूज)। सोनीपत के गोहाना उपमंडल के गांव मुंडलाना में रक्षाबंधन के दिन ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से बिजली निगम के प्रशिक्षु कर्मचारी और किसान की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिवानका निवासी प्रशिक्षु कर्मचारी सौरभ और मुंडलाना निवासी किसान जोगिंद्र के रूप में हुई है। Sonipat News

परिजनों ने आरोप लगाया कि बिजली ठीक करने के दौरान निर्धारित समय से पहले बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे दोनों करंट की चपेट में आ गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सौरभ के परिजनों का आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन सहायक लाइनमैन मोहित ने फोन कर उसे मुंडलाना गांव में बिजली ठीक करने के लिए भेजा था। परिजनों के मुताबिक सौरभ बिना सुरक्षा उपकरणों के ट्रांसफार्मर पर चढ़कर काम कर रहा था। काम अकेले नहीं हो पाने पर उसने पास के खेत में काम कर रहे किसान जोगिंद्र से मदद मांगी। इसके बाद दोनों ट्रांसफार्मर पर काम करने लगे।

लाइन में अचानक करंट आया | Sonipat News

परिजनों के अनुसार दोनों ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे, तभी अचानक बिजली का करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से सौरभ और जोगिंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू करने का निर्धारित समय शुक्रवार सुबह 11 बजे था, लेकिन इससे पहले ही पीछे से बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय का पालन किया जाता तो यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने संबंधित कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

कई घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे अधिकारी

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने संबंधित बिजली निगम के कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि संबंधित लाइनमैन ने फोन उठाना बंद कर दिया। परिजनों का कहना है कि हादसे के कई घंटे बाद तक विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू और पूर्व विधायक जगबीर सिंह मलिक मुंडलाना पहुंचे और दोनों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।

हादसे की सूचना मिलने पर गोहाना पुलिस नागरिक अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। जोगिंद्र के परिजनों की शिकायत पर गोहाना सदर थाना पुलिस ने लाइनमैन मोहित, संबंधित जेई, एसडीओ व अन्य जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। Sonipat News

About The Author

Related Posts