Jaipur Road Accident: तेज रफ्तार SUV ने एक परिवार के 4 लोगों की ली जान

परिवार में मचा कोहराम, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के फागी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सड़क किनारे मूंग की फसल सुखा रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों को तेज रफ्तार एसयूवी ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो बहुओं की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। Jaipur Road Accident

पुलिस के अनुसार, हादसा सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर फागी से करीब तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड के पास शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे हुआ। फागी के धामुनियों का मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय सत्यनारायण कुम्हार अपने परिवार के साथ खेत से काटकर लाई गई मूंग की फसल सड़क किनारे सुखा रहे थे। उनके साथ पत्नी मनमौजी और दो बहुएं अमृता तथा शिमला भी मौजूद थीं।

इसी दौरान एक तेज रफ्तार एसयूवी वाहन वहां पहुंचा और चारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी लोग सड़क से काफी दूर जा गिरे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को फागी उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। हादसे में सत्यनारायण (60), उनकी पत्नी मनमौजी (55), बद्री की पत्नी अमृता (30) और सुरेश की पत्नी शिमला (25) की मौत हो गई। एक ही परिवार के चार लोगों की असमय मौत से गांव में गहरा शोक फैल गया। Jaipur Road Accident

मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में एकत्र हो गए। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर धरना दिया और सड़क को जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा और एसडीओ बलबीर सिंह ने भी ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन के आश्वासन और बातचीत के बाद देर रात स्थिति सामान्य हो सकी।

इस त्रासदी ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। बताया गया कि पीड़ित परिवार पहले भी एक सड़क दुर्घटना में अपने पांच वर्षीय बेटे को खो चुका है। मृतक शिमला पेशे से प्रशिक्षित नर्स थीं और उनकी आठ महीने की बेटी वंशिका है। उनके पति सुरेश जयपुर की एक ज्वेलरी कंपनी में कार्यरत हैं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। Jaipur Road Accident

About The Author

Related Posts