Sanitation Workers' strike: 24 तक बढ़ी सफाईकर्मियों की हड़ताल, पार्षद मोहन लाल नारंग ने दिया इस्तीफा

16 दिन से शहर में सफाई व्यवस्था ठप, जनसंगठनों की बैठक में पार्षद ने सरकार और नगर परिषद पर साधा निशाना

Published On

Sanitation Workers' strike: फतेहाबाद, (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। फतेहाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कचरे के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नगर परिषद कर्मचारियों ने हड़ताल को अब 24 अगस्त तक बढ़ा दिया है। इससे शहरवासियों को फिलहाल कचरे की समस्या से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इसी बीच फतेहाबाद के वार्ड 12 के पार्षद मोहन लाल नारंग ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने जनसंगठनों की बैठक में इस्तीफा देने का ऐलान किया। Fatehabad News

पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि पिछले 16 दिनों से शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की बैठक भी नियमित रूप से नहीं हो रही है, जबकि हर माह बैठक आयोजित कर जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुनी जा रही है। इन्हीं परिस्थितियों से आहत होकर उन्होंने जनसंगठनों की बैठक में अपने इस्तीफे की घोषणा की है।

बारिश के मौसम में बढ़ी लोगों की परेशानी

मानसून के मौसम में जगह-जगह लगे कचरे के ढेरों से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। बारिश के पानी में कचरा सड़ने से दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण व बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। शहरवासी सफाई व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

जनसंगठनों ने बैठक कर जाना शहरवासियों का पक्ष

कर्मचारी संघ का धरना-प्रदर्शन 16वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान जनसंगठनों की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरवासियों और विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत कर हड़ताल के कारण पैदा हुई कचरे की समस्या और उसके समाधान को लेकर राय जानी गई। बैठक में कर्मचारियों की मांगों के समाधान के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने पर भी चर्चा हुई। Fatehabad News

About The Author

Related Posts