बरसाती नदी के तेज बहाव में फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बुलडोजर से चालक का रेस्क्यू
जैतपुर में बरसाती नदी की तेज धार में फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली
यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपतराय)। Yamunanagar News: जैतपुर गांव में बरसाती नदी के तेज बहाव के बीच रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच धार में फंस गई। नदी पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे नहीं बढ़ सकी। इस दौरान चालक भी बीच नदी में फंस गया और उसके लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक माइनिंग जोन से रेत भरकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव बढ़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच धार में फंस गई। चालक की स्थिति को देखते हुए मौके पर बुलडोजर की मदद से रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद बुलडोजरों की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी नदी से बाहर निकाला गया। घटना में चालक के सुरक्षित होने की जानकारी है। तस्वीरें इस बात की गवाही दे रही हैं कि बरसाती नदी के तेज बहाव के बीच जोखिम उठाकर नदी पार करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से चालक की जान बच गई।