Kharkhoda Municipality: सफाई के लिए टेंडर 55 व्यक्तियों का, धरातल पर 25 कर रहे काम, पार्षदों ने घोटाले का लगाया आरोप

पार्षदों ने Sweeping Tender में कथित गड़बड़ी का लगाया आरोप, कर्मचारियों की सूची और Attendance Record सार्वजनिक करने की मांग

Published On

खरखौदा,(सच कहूं)। नगरपालिका कार्यालय में शहर के पार्षदों द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था में आ रही खामियों को उजागर करने के लिए  प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्षद नवीन दहिया ने कहा कि वर्तमान में चल रहे स्वीपिंग के जोन 1 और जोन 2 के टेंडरों में लगातार घोटाले की बू आ रही है। इन दोनों टेंडरों में कुल 55 सफाई कर्मचारी होने चाहिए, जबकि धरातल पर सिर्फ 25 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं और नगरपालिका आँखे बंद करके 55 कर्मचारियों के हिसाब से भुगतान कर रही है।

 ठेके में 25 इंसान और 30 भूत प्रेत व आत्माएं कार्य कर रही हैं। और इन आत्माओं को देखने की क्षमता देवों के देव महादेव ने सिर्फ नगरपालिका के कुछ चुनिंदा अधिकारियों को ही दी है। जो हर महीने इन आत्माओं की हाजिरी को वेरिफाई करने का कार्य करते हैं। नवीन ने बताया कि उनके द्वारा बार बार मांगने पर भी नगरपालिका की तरफ से पार्षदों को सफाई कर्मचारियों की लिस्ट व उनकी हाजिरी का रिकॉर्ड नहीं दिया गया।

लेकिन उन्होंने चंडीगढ़ से ये लिस्ट निकलवाई है। जिसकी जांच पड़ताल करने पर सामने आया कि लिस्ट में दिखाई गई 30 के करीब कर्मचारियों के नाम फर्जी है। जब लिस्ट में दिए गए फोन नंबरों पर  सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो आधे से ज्यादा नंबर गलत या बंद पाए गए। बाकी जिन नंबरों से बात की गई उनपर लोगों ने बताया के उन्होंने कभी नगरपालिका में काम ही नहीं किया है।

पार्षदों ने चेयरमैन और सचिव के सामने 6 मांगे रखी हैं। जिनके पूरे होने पर ही ठेकेदार को भुगतान की अदायगी करने की अपील की गई है। पार्षदों ने बताया के पेमेंट अप्रूवल कमेटी में 3 सदस्य नगरपालिका से होते हैं। जिनमें चेयरमैन, वाईस चेयरमैन व सचिव शामिल हैं और उनमें से जो भी  सदस्य उक्त ठेकों की पेमेंट पर हस्ताक्षर करेगा उसी का नाम शहरवासियों के सामने रखा जाएगा और उसके घर के सामने सभी पार्षदों द्वारा शहरवासियों को साथ लेकर धरना दिया जाएगा। इस मौके पर संजय पंवार, प्रमोद, जसबीर, अनूप दहिया, पार्षद प्रतिनिधि रवींद्र, सोनू आदि मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts