Tibbi News: टिब्बी को मिले नए एसडीएम, बाबूलाल रेगर ने संभाला कार्यभार
विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश, Government Schemes का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर
टिब्बी( सच कहूँ )। उपखंड मुख्यालय टिब्बी में सोमवार को नवनियुक्त एसडीएम बाबूलाल रेगर ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। वे सहायक आयुक्त (प्रथम), सतर्कता, उपनिवेशन, बीकानेर से स्थानांतरित होकर टिब्बी पहुंचे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद एसडीएम बाबूलाल रेगर ने कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम रेगर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन को अधिकतम राहत पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने की बात भी कही।उल्लेखनीय है कि पिछले करीब दो वर्षों से टिब्बी में एसडीएम के पद पर कार्यरत सत्यनारायण सुथार का स्थानांतरण पूगल (बीकानेर) हो गया है। सोमवार को बाबूलाल रेगर के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व एसडीएम सत्यनारायण सुथार भी मौजूद रहे।