Fraud Alert: विदेश में नौकरी का झांसा देकर 5.50 लाख हड़पने का आरोप

युवक ने रिश्तेदारी के भरोसे दिए थे रुपए, पासपोर्ट व शैक्षणिक दस्तावेज, तीन के खिलाफ एफआईआर

Published On

हनुमानगढ़। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5.50 लाख रुपए तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज हड़पने के आरोप में भादरा थाना पुलिस ने तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, भादरा के समक्ष पेश इस्तगासा के आधार पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

परिवाद के अनुसार नेठराना निवासी 26 वर्षीय रवि कुमार पुत्र ताराचन्द जाट की अपने चाचा की ससुराल के माध्यम से आदमपुर, हरियाणा के दड़ौली निवासी रोशन डूडी पुत्र हरीसिंह जाट से जान-पहचान थी। इसी रिश्तेदारी और विश्वास का हवाला देते हुए रोशन ने कथित तौर पर रवि को यूरोप में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

परिवादी के अनुसार रोशन ने बताया कि उसके बेटे रोहित व राहुल तथा भानजा पंकज विदेश में काम करते हैं और उनकी जान-पहचान के जरिए उसे भी विदेश भेजा जा सकता है। इसके लिए कुल 6.50 लाख रुपए खर्च होने की बात कही गई। परिवादी का आरोप है कि उसने रोशन को अपना पासपोर्ट, आधार कार्ड, कक्षा 10वीं-12वीं की मूल अंकतालिकाएं तथा अन्य दस्तावेज सौंप दिए। इसके बाद 16 जुलाई 2023 को फोन-पे के जरिए 70 हजार रुपए दिए गए। Hanumangarh News

वहीं 10 अगस्त 2023 को 4.80 लाख रुपए नकद रोशन को दिए गए। रोशन ने कथित तौर पर छह माह में वीजा और वर्क ऑर्डर आदि की व्यवस्था कर विदेश भेजने का आश्वासन दिया। समय बीतने के बाद रवि ने विदेश भेजने के संबंध में रोशन से लगातार संपर्क किया, लेकिन वह कथित तौर पर टालमटोल करता रहा। बाद में परिवादी को विदेश नहीं भेजा गया और न ही उससे ली गई रकम वापस की गई। परिवादी के अनुसार 26 जुलाई 2026 को भादरा में पंचायत हुई।

पंचायत में रवि ने रोशन से अपने रुपए और दस्तावेज वापस मांगे। इस दौरान रोशन ने रकम वापस करने और विदेश भेजने से इनकार कर दिया। अदालत से प्राप्त इस्तगासा के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई की। मामले की जांच थाना प्रभारी राधेश्याम कर रहे हैं। पुलिस अब आरोपों की जांच, रकम के लेन-देन और दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करेगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts