शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh News: वोटर लिस्ट में खामियों का आरोप, निष्पक्ष निकाय चुनाव की उठाई मांग
वार्ड 49 की भाग संख्या 1 व 2 में करीब 150 वोटों पर जताई आपत्ति
Municipal Council Elections: हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर पूर्व पार्षद गौरव जैन ने आवाज उठाई है। उन्होंने चुनाव शाखा के अधिकारियों से मुलाकात कर वोटर लिस्टों की खामियों को दूर करने की मांग की। जैन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। Hanumangarh News
पूर्व पार्षद गौरव जैन के अनुसार नगर परिषद चुनाव का बिगुल बज चुका है और राज्य सरकार व निर्वाचन आयोग की मंशा पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने की है। ऐसे में मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकती है। जैन ने बताया कि वार्ड संख्या 49 की भाग संख्या 1 और 2 में करीब डेढ़ सौ ऐसे मतदाता हैं, जिनके संबंध में आपत्ति है।
उनके अनुसार इनमें कुछ ऐसे लोग शामिल हैं जिनकी शादी हो चुकी है, कुछ की मृत्यु हो चुकी है और कुछ लोग अब वार्ड में निवास ही नहीं करते। उनका आरोप है कि आसपास के वार्डांे में रहने वाले कुछ मतदाताओं के नाम भी वार्ड 49 की मतदाता सूची में दर्ज हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची में इस तरह की खामियां बनी रहीं तो चुनाव के दिन मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और चुनाव की निष्पक्षता भी प्रभावित हो सकती है। Hanumangarh News
जैन ने कहा कि मतदाता सूची का मूल आधार व्यक्ति का वास्तविक निवास स्थान होना चाहिए। जो व्यक्ति जिस वार्ड में रहता है, उसे उसी वार्ड के पार्षद का चुनाव करने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतक, स्थान बदल चुके अथवा अन्य वार्ड में निवास कर रहे लोगों के नाम गलत वार्ड की सूची में बने रहना उचित नहीं है। पूर्व पार्षद ने सभी बीएलओ से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूचियों का गंभीरता से सत्यापन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी अपात्र या फर्जी मतदाता का नाम सूची में नहीं रहना चाहिए, वहीं पात्र मतदाता का नाम भी किसी कारण से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव शाखा इस मामले में आवश्यक कदम उठाएगी, मतदाता सूचियों में दर्ज मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा पात्र एवं वंचित मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। इससे राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग की मंशानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित नगर परिषद चुनाव सुनिश्चित हो सकेंगे। Hanumangarh News