टिब्बी की बेटी कल्पना महला ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, जीता रजत पदक

टिब्बी की कल्पना महला का शानदार प्रदर्शन

Published On

टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: क्षेत्र के बेहरवाला गांव की बेटी कल्पना महला ने मैसूर (कर्नाटक) में आयोजित नेशनल एक्रोबेटिक ओपन जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर टिब्बी क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। कल्पना वर्तमान में नागौर जिले के मूण्डवा स्थित वीर तेजा महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान, तेजास्थली में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा हैं।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में राजस्थान के 23 सदस्यीय छात्रा वर्ग दल ने हिस्सा लिया। तेजास्थली की तीन जिम्नास्टिक खिलाड़ियों—देविका, पूजा और कल्पना—ने उत्कृष्ट तालमेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर रजत पदक हासिल किया। इनमें बेहरवाला की कल्पना महला ने अपनी बेहतरीन कलाबाजी और निरंतर अभ्यास से विशेष पहचान बनाई।

कल्पना के पिता हरपाल महला किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कल्पना ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर जिम्नास्टिक के क्षेत्र में लगातार सफलता हासिल की है। वह इससे पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं।

कल्पना की इस सफलता में तेजास्थली संस्थान की निदेशक एवं जिम्नास्टिक्स कोच डॉ. शीला दत्ता का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। संस्थान की ओर से बताया गया कि छात्राओं ने कठिन परिस्थितियों में भी नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ तैयारी की और राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कल्पना के राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतने की खबर से बेहरवाला सहित पूरे टिब्बी क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने कल्पना तथा उसके परिवार को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

कल्पना की उपलब्धि ने यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने संसाधनों की कमी बाधा नहीं बन सकती। किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली कल्पना क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

Tibbi News

About The Author

Related Posts