Rajasthan Weather Update: मौसम विभाग ने राजस्थान में बारिश को लेकर दी नई अपडेट

अगले 3 से 5 अगस्त तक कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार

Published On

जयपुर, (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान में मानसून की कमजोर सक्रियता के चलते इस बार बारिश सामान्य से कम दर्ज की जा रही है। कम बारिश के कारण नदी, तालाब और बांधों में पानी की आवक प्रभावित हो रही है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। हालांकि रविवार को जयपुर सहित करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। दक्षिणी राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सलूंबर में सर्वाधिक 67 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। Rajasthan Weather Update

राजधानी जयपुर में मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। एक जून से एक अगस्त तक सामान्य वर्षा 273.6 मिलीमीटर के मुकाबले इस वर्ष केवल 186.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर खिसकने से जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां कम होंगी। वहीं 3 से 5 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

तेज बारिश का कोई अलर्ट नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल तेज बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जयपुर में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्यत: शुष्क रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। Rajasthan Weather Update

About The Author

Related Posts