अमरनाथ यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस हुई हादसे का शिकार, प्रशासन ने शुरू कराया त्वरित राहत अभियान
दुर्घटना में 39 अमरनाथ तीर्थयात्री घायल, सीएम उमर अब्दुल्ला और एलजी मनोज सिन्हा ने जताई चिंता
Ganderbal Bus Accident: श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे 39 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा बलों और राहत एजेंसियों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया। Ganderbal Bus Accident
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना हरिगनीवान क्षेत्र में उस समय हुई, जब अमरनाथ गुफा के दर्शन कर लौट रही बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू को अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी करने और प्रत्येक घायल को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उधर, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी गांदरबल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी तीर्थयात्रियों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। Ganderbal Bus Accident
दुर्घटना के बाद पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), असम राइफल्स, राष्ट्रीय राइफल्स, यात्रा सुरक्षा दल और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
प्रशासन के अनुसार घायल श्रद्धालु राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली के निवासी हैं। सभी यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। Ganderbal Bus Accident