UP Crime: भूमि विवाद में रिश्तों का खौफनाक अंत! भाई ने दिया दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम
मुठभेड़ के बाद आरोपित गिरफ्तार
UP Crime: इटावा, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पारिवारिक भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बकेवर थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में एक व्यक्ति की कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही समय बाद मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। Etawah News
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भूमि को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार को विवाद बढ़ने पर आरोपित ने अपने रिश्तेदार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य एकत्र करने के साथ ही आरोपित की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध की लोकेशन मिलने पर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस दल पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। Etawah News
घटना के बाद मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। परिवार का आरोप है कि मृतक ने कुछ दिन पहले पुलिस से अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायत की थी और जान का खतरा भी जताया था, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि शिकायत पर उचित कदम उठाए जाते, तो इस दुखद घटना को रोका जा सकता था।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पूर्व में मिली शिकायत, पुलिस की कार्रवाई और हत्या की पूरी घटनाक्रम की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। Etawah News