ग्रेटर नोएडा में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान गई सफाई कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड की मौत

ग्रेटर नोएडा में हादसे की जांच में जुटी पुलिस

Published On

STP Tank Accident: ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रविवार देर रात एक आवासीय सोसाइटी में हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। सेक्टर-150 स्थित एक रिहायशी परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के टैंक की सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी और उसे बचाने पहुंचे सुरक्षा गार्ड की दम घुटने से मृत्यु हो गई। UP News

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की एल्डिको सोसाइटी में सफाईकर्मी शशिकांत शर्मा एसटीपी टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह टैंक के भीतर अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें बाहर निकालने के उद्देश्य से सुरक्षा गार्ड आकाश भी टैंक में उतरा, लेकिन जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण वह भी बेहोश हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। UP News

हाल ही में एक अन्य हादसे ने भी झकझोरा था

इससे पहले भी नॉलेज पार्क क्षेत्र की एक अन्य सोसाइटी में छह वर्षीय बालक की पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से मृत्यु हो गई थी। बताया गया कि बोरवेल निर्माण के लिए खोदे गए लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में वर्षा का पानी भर गया था। खेलते समय बच्चा अनजाने में उसमें गिर गया।

स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। इस मामले में संबंधित ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठेकेदार और दो साइट सुपरवाइजर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। UP News

About The Author

Related Posts