मांगों को लेकर आशा वर्करों और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की
मुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंची थीं आशा वर्कर
संगरूर (गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार)। Sangrur News: संगरूर में शनिवार आशा वर्करों के राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के आवास के निकट पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी महिलाएँ बेहोश हो गर्इं, जबकि कई महिला पुलिसकर्मी भी बेहोश हो गर्इं। आशा वर्कर मुख्यमंत्री के संगरूर स्थित आवास के निकट पहँुचकर प्रदर्शन करना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशा वर्कर्स एवं फैसिलिटेटर्स यूनियन पंजाब की हजारों कार्यकर्ता अपनी माँगों के समर्थन में संगरूर-पटियाला ओवरब्रिज के नीचे एकत्रित हुई थीं। प्रदर्शन की अगुवाई संगठन की प्रदेश अध्यक्ष किरनदीप कौर पंजोला कर रही थीं।
कुछ समय बाद जब प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संगरूर स्थित आवास की ओर कूच किया तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। प्रदर्शनकारी लगातार आगे बढ़ने का प्रयास करती रहीं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास करती रही। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। काफी देर तक चली इस खींचतान के दौरान भीषण गर्मी और धक्का-मुक्की के कारण लगभग आधा दर्जन आशा वर्कर बेहोश हो गर्इं। उन्हें उठाकर सिविल अस्पताल, संगरूर में भर्ती कराया गया। वहीं, कुछ महिला पुलिसकर्मी भी बेहोश हो गर्इं, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बेहोश हुई आशा वर्करों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था नहीं की गई। उन्हें अपने खर्च पर और निजी साधनों से सिविल अस्पताल ले जाना पड़ा।
