पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं खुला जतिन की मौत का राज, विसरा सुरक्षित

एक दिन पूर्व कस्बे के भूरा मार्ग पर स्थित अविकसित कॉलोनी में पड़ा मिला था युवक का शव, नशे की ओवरडोज से जताई जा रही युवक की मौत की आशंका

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एक दिन पूर्व कस्बे के भूरा मार्ग पर स्थित अविकसित कॉलोनी से बरामद हुए युवक के शव का विसरा सुरक्षित किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नही हुआ है। पुलिस अभी भी युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होना मान रही है। 

विगत शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को कस्बे के झिंझाना मार्ग पर सब्जी मंडी के निकट स्थित अविकसित कॉलोनी में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी, जिस पर सीओ हेमंत कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार एवं नगर की किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल ने पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की थी। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किये थे। युवक के पास से मिले मोबाइल फोन में डायल नंबरों पर संपर्क किया गया था। बाद में मृतक की पहचान जतिन पुत्र साहबसिंह निवासी ग्राम भैंसवाल थाना गढ़ीपुख्ता के रूप में हुई थी।

परिजनों ने बताया था कि जतिन लगभग चार दिन पहले घर से निकला था। वह पहले भी कई बार घर से बाहर रह चुका था। पुलिस ने मृतक युवक के शव को पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। युवक के शव के पास से एक काला बैग व खाली सिरिंज पड़ी मिली थी, जबकि काले रंग की बाइक उसके पास खड़ी थी। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मृतक युवक जतिन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नही हुआ है। शव का विसरा प्रिजर्व किया गया है, जिसे जांच हेतु गाजियाबाद प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Kairana News (2)

About The Author

Related Posts