शिक्षा और रोजगार
दिल्ली-जयपुर हाइवे पर हाई टेंशन तार टूटी, लगा पांच किमी लंबा जाम
समय रहते रोका यातायात, बड़ा हादसा टला, नरसिंहपुर से खेडकीदौला तक फंसे हजारों वाहन
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार को नरसिंहपुर के पास 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तार गिरने के बाद सुरक्षा के चलते यातायात रोक दिया गया, जिससे हाईवे पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार को नरसिंहपुर के पास हुई। 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन अचानक टूटकर मुख्य सडक पर आ गिरी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे प्रभावित क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर लोगों को तार से दूर रहने की चेतावनी दी। वहीं बिजली विभाग की टीम ने आपूर्ति बंद कर तार हटाने का काम शुरू किया।
वीकेंड होने से बढ़ी समस्या
सुरक्षा के कारण प्रशासन ने जयपुर से दिल्ली की ओर आने वाले मार्ग पर तुरंत यातायात रोक दिया। वीकेंड होने की वजह से हाईवे पर पहले से ही वाहनों का दबाव ज्यादा था। कुछ ही मिनटों में नरसिंहपुर से खेडकी दौला टोल प्लाजा तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चिलचिलाती गर्मी में हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। इससे पूरे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। बिजली विभाग की तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सडक से हाई टेंशन तार को हटाया और सुरक्षा मानकों की जांच की। इसके बाद ही यातायात को दोबारा शुरू किया गया।
अधिकारियों ने की कड़ी मशक्कत
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है, लेकिन घटना स्थल के आसपास अभी भी हल्का ट्रैफिक दबाव बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन ने कहा कि समय रहते यातायात रोक दिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। अगर कोई वाहन तार की चपेट में आ जाता तो जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निदेर्शों का पालन करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। बिजली विभाग ने भी इलाके में हाई टेंशन लाइनों की जांच कराने की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।